जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं: जिलाधिकारी
दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, मानव श्रृंखला, पौधरोपण, मॉडल पोलिंग स्टेशन व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

चूड़ामणि अनुभव/बेगूसराय राजीव कुमार,
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय, बेगूसराय में मंगलवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं भावी मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सौरव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बलिया, भूमि सुधार उप समाहर्ता, निदेशक एनईपी, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता संदेश के साथ मानव श्रृंखला निर्माण एवं पौधरोपण से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा तैयार मतदान जागरूकता विषयक पेंटिंग प्रदर्शनी तथा नए मतदाता पंजीकरण काउंटर का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ मुख्य सत्र का शुभारंभ हुआ, जिसमें निर्वाचन साक्षरता क्लब की अवधारणा, उसके उद्देश्यों तथा भारत की निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने मॉडल पोलिंग स्टेशन का सजीव प्रदर्शन कर मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक परिचय कराया। साथ ही निर्वाचन विषयक क्विज प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र और निर्वाचन संबंधी अपने ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की सफलता नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं से 18 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा प्रत्येक चुनाव में जिम्मेदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा, “हर मत अमूल्य है और जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं।” कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिसर में मतदान के प्रति उत्साह, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति छात्रों की सकारात्मक भागीदारी देखने को मिली। निर्वाचन साक्षरता क्लब की इस पहल की विद्यार्थियों ने सराहना करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।





