महेशपुर विद्यालय में ‘सखी वार्ता’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
145 छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक

चूड़ामणि अनुभव/ राजीव कुमार,
बेगूसराय। महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय के तत्वावधान में भगवानपुर प्रखंड स्थित पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय, महेशपुर में शुक्रवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत ‘सखी वार्ता’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) के जिला मिशन समन्वयक राज कुमार सिन्हा एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ संजीत कुमार ने संयुक्त रूप से महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, साइबर अपराध से बचाव, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, महिला हेल्पलाइन-181, साइबर क्राइम टोल फ्री नंबर-1930, माहवारी स्वच्छता, नशामुक्ति तथा महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा और अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में कुल 145 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जागरूकता कार्यक्रम का समापन किया गया।





