Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV   Click to listen highlighted text! Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV
बिहार

दिनकर जयंती पर काव्यरस की फुहार

माल्यार्पण, व्याख्यान, सम्मान समारोह, नाट्य मंचन व कवि सम्मेलन से सजेगा जयंती समारोह

 

चूड़ामणि अनुभव/ राजीव कुमार

बेगूसराय। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के अवसर पर 23 सितंबर को जिला प्रशासन, बेगूसराय एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनकर की स्मृति एवं साहित्यिक योगदान को समर्पित कार्यक्रमों में माल्यार्पण, व्याख्यान, सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाट्य मंचन एवं कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
जयंती के अवसर पर सुबह जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर माल्यार्पण किया जाएगा। दिनकर भवन में सुबह 9:15 बजे, स्वर्ण जयंती पुस्तकालय में 9:30 बजे, दिनकर चौक जीरोमाइल में 10 बजे, दिनकर ग्राम सिमरिया में 10:30 बजे तथा दिनकर आवास सिमरिया में 10:40 बजे माल्यार्पण कार्यक्रम होगा।
दोपहर दो बजे से समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में व्याख्यान सत्र एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ‘रश्मिरथी की प्रासंगिकता आज के समय में’ विषय पर व्याख्यान होगा। मुख्य वक्ता के रूप में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के पूर्व कुलपति प्रो. रविन्द्र कुमार वर्मा ‘रवि’ एवं प्रो. सिद्धेश्वर काश्यप अपने विचार रखेंगे।
मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम दिनकर कला भवन में शाम 5:30 बजे से शुरू होगा। आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के बाद शाम छह बजे ‘कुरुक्षेत्र’ नाटक का मंचन किया जाएगा। नाटक का निर्देशन मो. जहाँगीर खान (MPSD) करेंगे, जबकि प्रस्तुति एसोसिएशन फॉर सोशल हारमोनी एंड आर्ट, छपरा द्वारा की जाएगी।
शाम 6:45 से 7:45 बजे तक जिले के कवियों का काव्य सत्र आयोजित होगा। इसके बाद रात 10 बजे तक आमंत्रित कवियों का विशेष काव्य सत्र होगा। इसमें विनीत चौहान, प्रताप फौजदार, नीलोत्पल मृणाल, स्वयं श्रीवास्तव एवं डॉ. तिष्या श्री काव्य पाठ करेंगे।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों, साहित्यप्रेमियों, कला प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रकवि दिनकर को भावांजलि अर्पित करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!