Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV   Click to listen highlighted text! Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV
बिहार

बसेरा दो के तहत भूमिहीन परिवारों को मिलेगी तीन से पांच डिसमिल वासभूमि: जिलाधिकारी

चूड़ामणि अनुभव/ बेगूसराय, राजीव कुमार

बेगूसराय। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के ‘अभियान बसेरा-02’ के तहत जिले में चल रही कार्रवाई और निर्धारित लक्ष्यों की जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि अभियान के तहत 20 नवंबर 2026 को पूरे राज्य में 30 हजार बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पात्र भूमिहीन एवं वासभूमि रहित परिवारों को नियमानुसार वासभूमि उपलब्ध कराई जाएगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को न्यूनतम 3 डिसमिल से अधिकतम 5 डिसमिल तक वासभूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं राजस्व पदाधिकारियों को पात्र लाभुकों के चिह्नीकरण, जांच और बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि अभियान को केवल बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरण तक सीमित नहीं रखा जाएगा। पंचायत स्तर पर शिविर एवं विशेष अभियान आयोजित कर राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान, क्षतिग्रस्त जमाबंदी के सुधार और निःशुल्क भूमि मापी जैसे कार्यों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। इसके लिए राजस्व पदाधिकारियों का रोस्टर तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत वे नियमित रूप से पंचायतों का भ्रमण करेंगे।
उन्होंने आमजनों और जनप्रतिनिधियों से अभियान की जानकारी अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि ‘अभियान बसेरा’ के लिए आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा करना है। इसके लिए पटना स्थित राज्य मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है।
डीएम ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा अभियान के नाम पर किसी भी भ्रामक सूचना या बहकावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को दिग्भ्रमित कर पटना ले जाने अथवा परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!