मुहर्रम को लेकर जिला प्रशासन सतर्क

बेगूसराय/चूड़ामणि अनुभव
मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिले में ताजिया जुलूस एवं संबंधित कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में ताजिया अखाड़ा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न ताजिया एवं अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी भाईचारे, अनुशासन एवं सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी अखाड़ा समिति के सदस्यों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का अनुरोध किया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुहर्रम जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा तथा किसी भी परिस्थिति में डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त भाला, तलवार एवं अन्य धारदार अथवा खतरनाक हथियारों के प्रदर्शन एवं उपयोग पर भी पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सभी समिति सदस्यों से इस प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने सभी ताजिया एवं अखाड़ा समितियों को अनिवार्य रूप से लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश देते हुए कहा कि बिना लाइसेंस के निकाले जाने वाले ताजिया जुलूसों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जुलूस केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं स्वीकृत मार्गों से ही निकाले जाएं तथा किसी भी प्रकार से निर्धारित मार्ग में परिवर्तन न किया जाए। जिला पदाधिकारी ने बताया कि मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
जुलूसों एवं संवेदनशील स्थलों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन तथा वीडियोग्राफी के माध्यम से की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से अपने-अपने स्तर पर पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया, जिससे भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग मिल सके बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं समिति प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




