उच्च शिक्षा सुविधा की दिशा में सार्थक कदम
1 जुलाई से शुरू होगी जिले के 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पढ़ाई

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय “उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य” के तहत बेगूसराय जिले के 10 प्रखंडों में स्थापित नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में आगामी 1 जुलाई 2026 से शैक्षणिक गतिविधियों का शुभारंभ किया जाएगा। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने मटिहानी प्रखंड के महाजी ग्राम स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय भवन, कक्षाओं, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उनके निकट ही उच्च शिक्षा की गुणवत्तापूर्ण सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में आगामी शैक्षणिक सत्र से नियमित पठन-पाठन प्रारंभ किया जा रहा है।
जिले में जिन महाविद्यालयों में शिक्षण कार्य शुरू किया जाना है, उनमें राजकीय डिग्री महाविद्यालय बछवाड़ा, छौड़ाही, डंडारी, गढ़पुरा, खोदावंदपुर, मंसूरचक, मटिहानी, नावकोठी, साहेबपुर कमाल एवं वीरपुर शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान शिक्षण-अधिगम संसाधनों, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं।
जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने निकट स्थित इन नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में उपलब्ध उच्च शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाएं। इन महाविद्यालयों के संचालन से जिले में उच्च शिक्षा का दायरा विस्तृत होगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।




