Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV   Click to listen highlighted text! Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV
बिहार

“नशा मुक्त भारत सप्ताह” का समापन: विजेताओं को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र से किया गया सम्मानित

बेगूसराय/चूड़ामणि अनुभव
राजीव कुमार

अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी थे। इस अवसर पर 17 जून से 26 जून 2026 तक जिलेभर में आयोजित “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत हुई विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।सप्ताह भर के दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता, “रन फॉर नशा मुक्त भारत” मैराथन, ताइक्वांडो एवं कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में बिहट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। समारोह में प्रतियोगिताओं के सफल संचालन एवं प्रतिभागियों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कबड्डी कोच श्वेता कुमारी एवं गौरी कुमारी, चित्रकला प्रशिक्षक मनीष कौशिक एवं इंद्र मोहन प्रसाद, ताइक्वांडो कोच मणिकांत तथा शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों एवं नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार, समाज और समुदाय को नशा मुक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त राष्ट्र निर्माण का जन-आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से हुई तथा समापन बिहार गीत के साथ किया गया। समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही,जिसमें छात्र-छात्राओं की रचनात्मक कलाकृतियों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। समारोह में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग नेहा कुमारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) रश्मि कुमारी, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण अभिजीत सोनम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम साहनी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंकुल चंद्र राय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!