बिहार

राजस्व कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, तीन अधिकारियों पर कार्रवाई, एक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा

नावकोठी सीओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा

 

चूड़ामणि अनुभव

बेगूसराय सदर व छौड़ाही के अधिकारियों से स्पष्टीकरण बेगूसराय। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में गुरुवार को जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में जिले के सभी अंचलों के राजस्व एवं राजस्व न्यायालय से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान ऑनलाइन दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, राजस्व महा-अभियान, अभियान बसेरा-2, सरकारी भूमि सत्यापन, ई-मापी, जनशिकायत निवारण सहित लंबित राजस्व वादों की अंचलवार समीक्षा की गई। राजस्व कार्यों में लगातार शिथिलता और असंतोषजनक प्रदर्शन पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। नावकोठी अंचल में लगातार खराब प्रदर्शन को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी मुकेश कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं, कार्यों में लापरवाही और बड़ी संख्या में मामले लंबित रहने पर राजस्व अधिकारी, बेगूसराय सदर मनोज कुमार तथा अंचल अधिकारी, छौड़ाही चंद्र प्रकाश पांडेय से स्पष्टीकरण मांगते हुए वेतन निकासी पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। समीक्षा में पाया गया कि राजस्व महा-अभियान के तहत नावकोठी में प्राप्त 4,741 आवेदनों में महज 1,039 का निष्पादन हुआ है। निष्पादन दर 25.76 प्रतिशत है, जो जिले में सबसे कम है। यहां 2,994 आवेदन अभी लंबित हैं। ऑनलाइन दाखिल-खारिज में 13.2 प्रतिशत अस्वीकृति दर भी जिले में सर्वाधिक पाई गई। बेगूसराय सदर अंचल में सरकारी भूमि के प्लॉटवार ऑनलाइन सत्यापन की प्रगति भी सबसे कम मिली। 4,342 प्लॉट में से मात्र 2,456 का सत्यापन हुआ है। वहीं, लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम के तहत 18 वाद लंबित पाए गए। इस पर राजस्व अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। छौड़ाही अंचल में अभियान बसेरा-2 के तहत निर्धारित लक्ष्य की तुलना में पर्चा तैयार करने की प्रगति काफी कम पाई गई। डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्धारित पर्चा वितरण लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया। जिले में ऑनलाइन दाखिल-खारिज के 22,455 दायर वादों में से 20,668 का निष्पादन किया जा चुका है। राजस्व महा-अभियान के तहत प्राप्त 85,905 आवेदनों में से 50,010 का निष्पादन हुआ है। परिमार्जन प्लस के तहत 23,484 वादों में से 19,990 का निष्पादन किया गया है। ई-मापी के 13,296 आवेदनों में 85.05 प्रतिशत तथा सहयोग शिविर के 10,356 आवेदनों में से 10,104 का समाधान किया जा चुका है। बैठक के अंत में डीएम ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों से जुड़े राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लंबित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। अगली समीक्षा में प्रगति के आधार पर संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने की चेतावनी भी दी गई। बैठक में अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अंचलाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!