उच्च शिक्षा के नए दौर की शुरुआत: बिहार के 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से सभी महाविद्यालयों का उद्घाटन किया।

चूड़ामणि अनुभव | राजीव कुमार,
बेगूसराय। बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए बुधवार, 15 जुलाई को राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में एक साथ शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। भागलपुर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से सभी महाविद्यालयों का उद्घाटन किया। इसी क्रम में बेगूसराय जिले के 10 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी विधिवत शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत हुई।
उत्क्रमित +2 माध्यमिक विद्यालय, महाजी (मटिहानी) परिसर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, विधान पार्षद सर्वेश कुमार सिंह, पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि जिले में 10 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का संचालन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि इन महाविद्यालयों के शुरू होने से विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। इससे उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है। नए महाविद्यालय युवाओं के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देंगे तथा जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति प्रदान करेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और उच्च शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को सशक्त बनाने का आह्वान किया।





