समाज कल्याण मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
बेगूसराय में समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता का दौरा, आंगनबाड़ी केंद्रों व विभागीय संस्थानों का किया निरीक्षण

चूड़ामणि अनुभव/ बेगूसराय,
बेगूसराय। बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने गुरुवार को बेगूसराय जिले का दौरा कर समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, बच्चों को दी जा रही सेवाओं तथा संचालन व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के क्रम में मंत्री ने सदर ग्रामीण प्रखंड की चिलमिल पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 419, 418, 283 और 308 का निरीक्षण किया। केंद्र संख्या 419 सरकारी भवन में संचालित पाया गया, जबकि 418 एवं 308 किराए के भवन में संचालित मिले। केंद्र संख्या 283 के निरीक्षण के दौरान उन्होंने इसे सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र के अनुरूप विकसित करने तथा शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
इसके अलावा एघ्यसराय सदर के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 67 एवं 69 तथा पोखरिया स्थित केंद्र संख्या 46 एवं 47 का भी औचक निरीक्षण किया गया। मंत्री ने बच्चों के लिए पर्याप्त स्थान और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पुलिस लाइन एवं समाहरणालय परिसर स्थित पालना घर, रतनपुर बालिका गृह, शक्ति सदन तथा मटिहानी स्थित बुनियाद केंद्र का भी भ्रमण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
दौरे के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं, संस्थानों और सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा लाभार्थियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत जिला अतिथि गृह, बेगूसराय में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचना, बच्चों को मिलने वाली सेवाओं तथा विभागीय संस्थानों की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।
इस अवसर पर मंत्री के आप्त सचिव सुधांशु शेखर, आईसीडीएस निदेशालय, पटना की सहायक निदेशक निरूपा कुमारी सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।





