टीबी मुक्त पंचायत बनाने पर जोर

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 15 पंचायतों को ‘TB Mukt Panchayat’ का दर्जा प्रदान किया गया। गुरुवार को कारगिल विजय भवन में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने की।
इस अवसर पर देशभर में JOSH (Joint Squad for Health) Teams के शुभारंभ के साथ युवाओं और समुदाय की भागीदारी से टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने पर जोर दिया गया। बेगूसराय में NCC Teams एवं MY Bharat Volunteers के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोड़ने की पहल की गई।
कार्यक्रम में निर्धारित मानकों को पूरा करने वाली 15 पंचायतों को सम्मानित किया गया। इनमें एक पंचायत को सिल्वर श्रेणी तथा 14 पंचायतों को ब्रॉन्ज श्रेणी में सम्मान मिला। पंचायत प्रतिनिधियों और अभियान से जुड़ी टीमों को महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों, युवाओं, स्वयंसेवकों और आमजन की निरंतर भागीदारी जरूरी है। उन्होंने संभावित मरीजों की पहचान, समय पर जांच एवं उपचार तथा टीबी से जुड़े सामाजिक भेदभाव को कम करने में पंचायतों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, NTEP कर्मियों, WHO कंसल्टेंट्स, विभिन्न प्रखंडों के MOIC, पंचायत प्रतिनिधियों, NCC Teams और MY Bharat Volunteers की सहभागिता रही। टीबी मुक्त पंचायत से टीबी मुक्त बेगूसराय और टीबी मुक्त भारत के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





