Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV   Click to listen highlighted text! Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV
बिहार

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में नई मिसाल, बेगूसराय बना बिहार का पहला ‘डिजिटल हेल्थ मॉडल जिला’

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत मरीजों को मिलेगी अधिक पारदर्शी, सुगम और तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं।

 

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव,

बेगूसराय। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत ‘ABDM मॉडल जिला–बेगूसराय’ का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के सहयोग से बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित उद्घाटन कार्यशाला के साथ बेगूसराय को बिहार का पहला डिजिटल हेल्थ मॉडल जिला बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस मॉडल की सफलता के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। उद्घाटन कार्यशाला का शुभारंभ बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह राज्य मिशन निदेशक (ABDM) अरविंद कुमार वर्मा, जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पौधा एवं पुस्तक भेंट कर किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने स्वागत संबोधन में कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। वहीं, उप विकास आयुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से इस पहल को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और नागरिक-केंद्रित बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बेगूसराय जल्द ही राज्य का सर्वश्रेष्ठ डिजिटल स्वास्थ्य मॉडल जिला बनेगा।राज्य मिशन निदेशक अरविंद कुमार वर्मा ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन देश की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहलों में से एक है। इसके माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित, एकीकृत और तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेगूसराय का यह मॉडल पूरे बिहार के लिए मार्गदर्शक साबित होगा। नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के निदेशक डॉ. पंकज कुमार अरोड़ा ने बिहार सरकार एवं बेगूसराय जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ‘ABDM मॉडल जिला–बेगूसराय’ देश के अन्य राज्यों और जिलों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा कार्यशाला के तकनीकी सत्र में बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के प्रशासी पदाधिकारी शैलेश चन्द्र दिवाकर तथा ABDM बिहार की संयुक्त निदेशक (समन्वय) अनीसा सक्सेना ने ABHA आईडी, हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR), इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (EHR), डिजिटल हेल्थ इंसेंटिव स्कीम (DHIS) और ई-शुश्रुत क्लिनिक सहित विभिन्न डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल स्वास्थ्य तकनीकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें सरकारी एवं निजी अस्पतालों के चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया।आंकड़ों के अनुसार, बिहार में अब तक 6.5 करोड़ से अधिक ABHA, 7.92 करोड़ से अधिक इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (EHR) तथा 37,654 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों का हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR) में पंजीकरण हो चुका है। वहीं, बेगूसराय में 19.49 लाख से अधिक ABHA अकाउंट, 23.59 लाख से अधिक EHR, 19.84 लाख से अधिक स्कैन एंड शेयर टोकन तथा 1,010 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों का HFR में पंजीकरण दर्ज किया जा चुका है। कार्यशाला के अंत में सभी हितधारकों ने संकल्प लिया कि समन्वित प्रयासों के माध्यम से बेगूसराय को देश के अग्रणी डिजिटल स्वास्थ्य मॉडल जिलों में स्थापित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!