बाल विकास एवं महिला कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश
साहेबपुर कमाल प्रखंड के आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-84 में गोद भराई एवं सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित

चुड़ामणि अनुभव/ राजीव कुमार,
बेगूसराय। जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (डीएचईडब्ल्यू), बेगूसराय की ओर से मंगलवार को साहेबपुर कमाल प्रखंड के आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-84 में गोद भराई एवं सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, राजकीयकृत मध्य विद्यालय, पंचवीर में भी सखी वार्ता के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों और छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला मिशन समन्वयक राजकुमार सिन्हा, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक वीणा कुमारी, आईसीडीएस के जिला समन्वयक मृत्युंजय कुमार तथा वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ संजीत कुमार ने प्रतिभागियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बाल विवाह निषेध, वन स्टॉप सेंटर, साइबर अपराध से बचाव, माहवारी स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
वक्ताओं ने कहा कि महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला प्रशासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।





