सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव
बेगूसराय। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24×7, 1:1 इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बेगूसराय के जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय सहित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।
‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से विद्यार्थियों को चौबीसों घंटे इंटरैक्टिव शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थी पढ़ाई से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं, प्रश्नों एवं समस्याओं का समाधान तकनीकी माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें अपनी आवश्यकता के अनुरूप शैक्षणिक सहयोग मिलने में सुविधा होगी।
यह पहल विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के साथ उनकी सीखने की प्रक्रिया को अधिक सहज, प्रभावी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं में भी इस नई पहल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
डिजिटल तकनीक और शिक्षा के समन्वय से बिहार के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ‘बिहार विद्या साथी’ को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





