बेगूसराय के 54वें स्थापना दिवस पर दिनभर हुए विविध कार्यक्रम

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव
बेगूसराय जिले के 54वें स्थापना दिवस एवं ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अवसर पर शुक्रवार को दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद साइकिल रैली, रक्तदान शिविर, पेंटिंग प्रतियोगिता, वृक्षारोपण और फ्रेंडली क्रिकेट मैच सहित कई गतिविधियां हुईं। कार्यक्रमों में जिलाधिकारी रिची पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं आमजन शामिल हुए।
सुबह 7 बजे पुलिस लाइन से प्रभात फेरी निकाली गई, जो ट्रैफिक चौक होते हुए गांधी स्टेडियम पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, शिक्षकों, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों ने भाग लिया। इसके बाद गांधी स्टेडियम से साइकिल रैली निकाली गई, जो कचहरी चौक एवं ट्रैफिक चौक होते हुए पुनः गांधी स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई। दोनों आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
साइकिल रैली के बाद रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। कारगिल विजय भवन में स्कूली बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें बच्चों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चित्र बनाए।
बीपी इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ। वहीं बीपी इंटर स्कूल में जिला प्रशासन एवं नागरिक एकादश के बीच फ्रेंडली क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें जिला प्रशासन की टीम विजयी रही।
पूरे दिन आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न वर्गों की व्यापक सहभागिता रही। कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।




