प्रथम “पंचायत विकास दिवस” की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
28 जून को आयोजित होने वाले प्रथम “पंचायत विकास दिवस” की तैयारियों एवं सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बेगूसराय/ राजीव कुमार
बेगूसराय। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में 28 जून को आयोजित होने वाले प्रथम “पंचायत विकास दिवस” की तैयारियों एवं सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले प्रथम पंचायत विकास दिवस की थीम “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में ग्राम सभा के सभी सदस्य भाग लेंगे। इस दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं, आगामी विकास कार्यों तथा स्थानीय आवश्यकताओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों (एलएसडीजी) की चयनित थीमों पर भी विचार-विमर्श होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत विकास दिवस का आयोजन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायत स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने, सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी बढ़ाने, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने तथा सतत एवं समावेशी विकास को गति देने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से बैठक में भाग लिया।





