बेगूसराय के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क ECG जांच की सुविधा

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव, राजीव कुमार
जिले में आम लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्तर तक जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क ECG जांच की सुविधा उपलब्ध है।
ECG (Electrocardiogram) के माध्यम से हृदय की विद्युत गतिविधियों एवं उसकी कार्यप्रणाली का आकलन किया जाता है। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, हृदय की धड़कन में अनियमितता, चक्कर आने या हृदय संबंधी अन्य लक्षणों वाले मरीजों के लिए यह जांच चिकित्सकीय रूप से महत्वपूर्ण है। समय पर ECG जांच से हृदय संबंधी संभावित समस्याओं की पहचान करने और आगे के उपचार की दिशा तय करने में चिकित्सकों को सहायता मिलती है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक तकनीक के माध्यम से ECG की उच्च तकनीकी रिपोर्टिंग की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क ECG जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को सामान्य जांच के लिए बड़े अस्पतालों या निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भरता कम होगी। इससे समय और उपचार पर होने वाले आर्थिक खर्च की भी बचत होगी। खासकर ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि हृदय संबंधी किसी भी लक्षण या चिकित्सकीय आवश्यकता महसूस होने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें और उपलब्ध निःशुल्क ECG जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।




