जिला स्थापना दिवस पर दो अक्टूबर को होंगे कई कार्यक्रम

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव
जिला स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में 2 अक्टूबर को जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी/साइकिल रैली से होगी। इसके साथ रक्तदान शिविर और युवाओं की सहभागिता के लिए फ्रेंडली क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा। शाम को प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी, कंकौल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को प्रस्तुति का अवसर मिलेगा।
स्थापना दिवस पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके अलावा चित्रकला, मूर्तिकला एवं शिल्पकला प्रदर्शनी तथा ओपन माइक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक कलाकार 28 सितंबर तक जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।

डीएम रिची पांडेय ने कहा कि जिला स्थापना दिवस जिले की उपलब्धियों, विरासत और प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से तैयारियां समय पर पूरी करने तथा अधिक से अधिक आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में डीडीसी श्री आकाश चौधरी, नगर आयुक्त श्री सोमेश बहादुर माथुर, अपर समाहर्ता विभागीय जांच श्री महेश्वर प्रसाद सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती बेबी कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं समाजसेवी मौजूद थे।




