भगवानपुर प्रखंड-अंचल कार्यालय व पीएचसी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई पर जताई नाराजगी

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बुधवार को भगवानपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रखंड परिसर में मौजूद लोगों से डीएम ने उनकी समस्याएं सुनीं और शिकायतों का त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने बीडीओ के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल समुचित साफ-सफाई कराने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वहीं, अभियान बसेरा-2 के तहत भूमिहीन परिवारों को लाभान्वित करने के लिए सीओ को पात्र परिवारों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। पीएचसी पुराने भवन में संचालित पाया गया, जबकि नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य पूर्ण होने की स्थिति में था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पीएचसी को अविलंब नए भवन में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने चिकित्सक से उपलब्ध दवाओं, मरीजों के उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा मरीजों को निर्धारित सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती पूजा प्रीतम, बीडीओ, सीओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।




