श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

चूड़ामणि अनुभव/बेगूसराय।
बरौनी प्रखंड अंतर्गत बरौनी नगर परिषद के वार्ड संख्या-10 निवासी स्व. डोमी साह के पुत्र स्व. सखीचंद साह की स्मृति में कानू विकास संघ एवं वैश्य जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्तो साह ने की, जबकि मंच संचालन कानू विकास संघ के जिला उपाध्यक्ष सुनील साह ने किया। मुख्य अतिथि वैश्य जागरण मंच के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजकुमार आज़ाद ने कहा कि व्यक्ति अपने अच्छे कर्मों और कृतियों के माध्यम से समाज में सदैव जीवित रहता है।
उन्होंने कहा कि बिना सत्कर्म के जीवन का कोई महत्व नहीं है। मुख्य वक्ता एवं वैश्य जागरण मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष सह कानू विकास संघ के बेगूसराय जिला अध्यक्ष बूटन साह ने कहा कि समाज की निस्वार्थ सेवा करने वाला व्यक्ति ही वास्तविक अर्थों में सबसे बड़ा धनवान होता है और वही समाज के लिए प्रेरणा बनता है। इस अवसर पर मंच की महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूनम आज़ाद ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धांजलि सभा को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया।
सभा में डॉ. राम ललित साह, महंत हरेराम साह, गायक रंजीत साह, शिक्षक राम विलास साह, शंकर साह, धरनिधर साह, मंटुन साह सहित अन्य अतिथियों ने स्व. सखीचंद साह के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के अंत में स्व. सखीचंद साह के नाती शिव कुमार ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




