संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन तैयार
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

चूड़ामणि अनुभव/बेगूसराय।
संभावित बाढ़-2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में तटबंधों की सुरक्षा, नदियों के जलस्तर की निगरानी, नावों की उपलब्धता एवं फिटनेस, राहत शिविरों की तैयारी, सामुदायिक रसोई, चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा संचार व्यवस्था सहित बाढ़ पूर्व तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संभावित बाढ़ की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है और तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बताया गया कि जिले के सभी 20 तटबंध (10 मुख्य तटबंध एवं 10 जमींदारी बांध) पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसके अलावा 11 अतिसंवेदनशील स्थलों पर कटावरोधी कार्य भी पूरा कर लिया गया है। गंगा, बूढ़ी गंडक और बलान नदियों का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है तथा केंद्रीय जल आयोग के माध्यम से इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। वहीं, पशुपालन विभाग ने भी पशुओं के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है। जिला प्रशासन ने बताया कि जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) का 24×7 नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति में आम नागरिक दूरभाष 06243-250626 अथवा मोबाइल 9279808780 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय नोडल पदाधिकारी तथा बाढ़ नियंत्रण, स्वास्थ्य, पशुपालन, पुलिस, विद्युत, पेयजल, ग्रामीण विकास और नगर निकाय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





