Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV   Click to listen highlighted text! Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV
बिहार

सोलर मेले में उमड़ा लोगों का उत्साह, 64 ने कराया पंजीकरण

डीएम ने किया उद्घाटन, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने की अपील

चूड़ामणि अनुभव/ बेगूसराय

प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सौर ऊर्जा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बरौनी कार्यालय परिसर में सोलर मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि रूफटॉप सोलर बिजली बिल में कमी लाने का प्रभावी माध्यम होने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने की अपील की। मेले में विभिन्न अधिकृत सोलर वेंडरों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वेंडरों ने रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना प्रक्रिया, लागत, तकनीकी विशेषताओं तथा योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं बैंक प्रतिनिधियों ने सोलर संयंत्र स्थापना के लिए उपलब्ध ऋण एवं अन्य वित्तीय विकल्पों से उपभोक्ताओं को अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, संभावित बिजली बचत तथा योजना के अन्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सौर ऊर्जा के प्रति रुचि दिखाई। इस दौरान 64 उपभोक्ताओं ने रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए पंजीकरण कराया। पंजीकृत उपभोक्ताओं को आगे की तकनीकी सहायता एवं योजना से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया।कार्यक्रम में विद्युत आपूर्ति अंचल, बेगूसराय के अधीक्षण अभियंता संतोष कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता, बरौनी रंजन कुमार देव, विद्युत कार्यपालक अभियंता, बेगूसराय सूरज कुमार वर्मा सहित विद्युत विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। विद्युत विभाग ने आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करें तथा बिजली बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में अपनी सहभागिता निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!