Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV   Click to listen highlighted text! Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV
बिहार

जनसमस्याओं के समाधान को प्रशासन सक्रिय, 24 पंचायतों में आयोजित हुए सहयोग शिविर

चूड़ामणि अनुभव/ राजीव कुमार,

बेगूसराय। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को जिले की 24 ग्राम पंचायतों में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त किए गए, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई। बरौनी प्रखंड की नूरपुर पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने किया।उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है। वहीं, उप विकास आयुक्त ने बलिया प्रखंड के बरियारपुर पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 24 पंचायतों से कुल 1,598 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 1,200 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 398 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी शिकायतों का अधिकतम 10 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में भी सहयोग शिविरों के माध्यम से नागरिकों को राहत मिल रही है। नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों से अब तक 1,286 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 1,191 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है।सहयोग शिविरों में राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, लगान रसीद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद कई लाभुकों को मौके पर ही सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!