दरभंगा स्नातक-शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

चूड़ामणि अनुभव/ राजीव कुमार
बेगूसराय में आगामी बिहार विधान परिषद निर्वाचन के तहत 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय भवन में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन कार्यक्रम, मतदाता सूची, निर्वाचन प्रक्रिया तथा जिले में निर्वाचन के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक के दौरान मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के आधार पर जिले में पंजीकृत स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं की स्थिति से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। जिले में दिनांक 23.09.2026 तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 29,222 मतदाता पंजीकृत हैं, वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,050 मतदाता पंजीकृत हैं। जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का गठन किया गया है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं एवं प्रशासनिक तैयारियों के संबंध में भी जानकारी दी।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में संबंधित सभी वरीय पदाधिकारियों एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए 10 प्रकार के निर्वाचन कोषांगों का गठन किया गया है। इनमें कार्मिक प्रबंधन-सह-प्रशिक्षण कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, वाहन एवं सामग्री प्रबंधन कोषांग, आदर्श आचार संहिता एवं विधि-व्यवस्था प्रबंधन कोषांग, मीडिया कोषांग, प्रेक्षक प्रबंधन कोषांग, जिला हेल्पलाइन-सह-आईटी कोषांग, वीडियोग्राफी/लाइव वेब-कास्टिंग कोषांग तथा निर्वाचन संचालन एवं अनुश्रवण प्रबंधन कोषांग सहित अन्य संबंधित कोषांग शामिल हैं। इन कोषांगों के माध्यम से मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदान सामग्री एवं मतपेटिकाओं की व्यवस्था, वाहनों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता एवं विधि-व्यवस्था का अनुपालन, मीडिया समन्वय, प्रेक्षकों से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं, सूचना एवं तकनीकी सहायता एवं वीडियोग्राफी तथा निर्वाचन प्रक्रिया की सतत निगरानी एवं अनुश्रवण से संबंधित कार्य संपादित किए जाएंगे।





