Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV   Click to listen highlighted text! Welcome to CHOORAMANI ANUBHAV
बिहार

बेगूसराय में PNG गैस कनेक्शन की धीमी रफ्तार पर डीएम नाराज, कार्य में तेजी के निर्देश

बेगूसराय/ चूड़ामणि अनुभव, राजीव कुमार

बेगूसराय। जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में शहरी गैस वितरण नीति, 2026 के तहत जिले में पीएनजी (PNG) गैस कनेक्शन और पाइपलाइन विस्तार कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में थिंक गैस एवं CGDMCC के प्रतिनिधियों ने स्टील नेटवर्क, एमडीपीई नेटवर्क तथा घरेलू पीएनजी कनेक्शन की प्रगति की जानकारी दी। समीक्षा में सामने आया कि जिले में अब तक 6,177 PNG कनेक्शन ही लाइव किए जा सके हैं। निर्धारित लक्ष्य की तुलना में प्रगति कम पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए थिंक गैस के प्रतिनिधियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्याप्त संख्या में ठेकेदारों और प्रशिक्षित मजदूरों को कार्य में लगाने को कहा। प्रशिक्षित मजदूरों की कमी होने पर जिला प्रशासन की ओर से सहयोग का भरोसा भी दिया।बताया गया कि सितंबर 2026 तक जिले के पांच क्षेत्रों को LPG फ्री जोन घोषित किया गया है। इनमें ऑयल इंडिया लिमिटेड एरिया, ललिता सागर नागदह, आदर्श नगर उलाव, न्यू कॉलोनी उलाव और निराला नगर रतनपुर शामिल हैं। अक्टूबर में पांच अन्य क्षेत्रों को LPG मुक्त क्षेत्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क कटाई और पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक माह पांच क्षेत्रों को चिन्हित कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। एक क्षेत्र में सड़क कटाई और पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा करने के बाद ही दूसरे क्षेत्र में खुदाई शुरू की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और सड़कों को जल्द सामान्य किया जा सके।डीएम ने सरकारी विद्यालयों, जीविका केंद्रों, अस्पतालों समेत महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर PNG नेटवर्क से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही तकनीकी या प्रशासनिक समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए CGDMCC के व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जानकारी साझा करने को कहा।अगली समीक्षा बैठक में थिंक गैस के सभी संबंधित ठेकेदारों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में डीडीसी आकाश चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पूजा प्रीतम समेत गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!