
बेगूसराय। भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत तकिया पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी स्व. राम बालक पासवान की धर्मपत्नी एवं आईएएस गौतम की माता स्व. फूलो देवी की श्रद्धांजलि के अवसर पर बेगूसराय जिला कबीर पंथ संत सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत महेंद्र दास ने की।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि विश्व कबीर दिव्य ज्योति धर्म सेवा संस्थान के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य महंत धर्म दास ने कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब ने पृथ्वी पर आकर जीवों को काल के जाल से मुक्त होने का यथार्थ मार्ग बताया और अमरधाम जाने का रास्ता समझाया, जहां जन्म-मृत्यु एवं काल का भय नहीं रहता।
मुख्य वक्ता एवं संस्थान के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक डॉ. राजकुमार आजाद ने कहा कि आज उच्च शिक्षित लोग एसपी, कलेक्टर, प्रोफेसर, इंजीनियर और डॉक्टर जैसे पदों पर पहुंचने के बाद भी अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम में छोड़कर मंदिर-मस्जिद में भगवान को खोजते हैं। वहीं आध्यात्मिक व्यक्ति सीमित संसाधनों में जीवन व्यतीत करते हुए भी अपने माता-पिता को भगवान का स्वरूप मानकर उनकी सेवा करता है।
अतिविशिष्ट अतिथि एवं महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूनम आजाद ने “माटी के हो बनल शरीरिया, माटी में मिल जाइ, कोई कुछ ले के नहीं जाइ” भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि गायक लाल बाबू दास, पूर्व जिला कल्याण पदाधिकारी उपेंद्र पासवान शास्त्री, संत भजनोपदेशक संतोष कबीरपंथी, फुहिया पंचायत के मुखिया भिखारी दास एवं साध्वी उम्दा दासीन सहित अन्य संतों ने अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर आईएएस गौतम, प्रो. ध्रुव, प्रखंड शिक्षक दधीचि एवं परिवार के सदस्यों ने अतिथियों को पुष्पमाला पहनाकर एवं चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में संतगण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




